रायवाला में सड़कों पर घूम रहा गुलदार, सीसीटीवी कैमरे में घटना हुई कैद

Spread the love

देहरादून(। छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग आतंकित हैं। कहने को वन विभाग ने गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है, मगर गुलदार उसकी तरफ झांकने को भी तैयार नहीं है। वह गालियों में शिकार तलाश रहा है। बीती रात सड़क पर घूम रहा गुलदार वहां एक कुत्ते के पीछे दौड़ा। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक कुत्ता सड़क पर टहल रहा है, तभी वह सामने से आ रहे गुलदार को देखकर ठिठक जाता है, और फिर तेजी से वापस अपने घर की तरफ भागता है। वहीं, शिकार की तलाश में घूम रहा गुलदार कुत्ते का पीछा करता है मगर उसे पकड़ नहीं पाता। इसके बाद गुलदार काफी देर तक दूसरे शिकार की तलाश में वहीं सड़क पर इधर-उधर मंडराता रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही गुलदार आबादी क्षेत्र के आस-पास मंडराने लगते हैं। अब तक वह कई कुत्तों को निवाला बना चुका है। ऐसे में बड़ी अनहोनी का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। महज पिंजरा लगा देने से लोगों को कैसे राहत मिल सकती है। जन सुरक्षा के ठोस उपाय किये जाने जरूरी हैं।
गुलदार की दहशत: दरअसल, इन दिनों छिद्दरवाला, चकजोगीवाला व आसपास आबादी क्षेत्र में काफी दिनों से लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। कई बार तो राहगीरों का गुलदार से आमना-सामना भो हो चुका है। हर दिन गुलदार की चहलकदमी की वीडियो आस-पास घरों में लगे सीसीटीवी में कैद हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *