गुलदार ने युवकों पर झपट्टा मारने का किया प्रयास

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले एक सप्ताह से लगातार गुलदार के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। पोखड़ा विकासखंड में बिजोरापानी के समीप गुलदार ने बाइक सवार दो युवकों पर झपट्टा मारने का प्रयास किया। उधर, प्रभावित क्षेत्रों में शाम होते ही कफ्र्यू से हालात बन जा रहे हैं। वन विभाग की ओर से गुलदार को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विकासखंड पोखडा के बगड़ीगाड और घड़ियाल गांव के साथ ही आसपास के तमाम गांवों में गुलदार की दहशत अभी बरकरार है। ग्रामीण दैनिक दिनचर्या के साथ ही बाजार जाना, घास लेने जाना और मवेशियों को ले जाने के लिए समूह में डंडे लेकर जा रहे हैं। शाम होते ही घरों में कैद होना ग्रामीणों की नियति बन गई है। आदमखोर गुलदार को दबोचने के लिए मौके पर शिकारी टीम लगी है। लेकिन, गुलदार पिंजरे के आसपास नहीं आ रहा है। आदमखोर घोषित हुए गुलदार की पहचान करना भी विभागीय कर्मियों के लिए काफी मुश्किल साबित हो रहा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी लक्की शाह ने बताया कि घंडियाल के पास मंगलवार सुबह भी गुलदार दिखाई दिया। लेकिन, झाड़ियां होने के कारण गुलदार को ट्रैंक्यूलाइज नहीं किया जा सका। बताया कि शिकारियों के साथ ही ट्रेंकुलाइज टीम और वन विभाग की टीम द्वारा गश्त भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *