चमोली()। क्षेत्र में लगातार गुलदार की धमक से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। सुगड़ गांव में दिन दहाड़े गुलदार ने फिर एक मवेशी को अपना निवाला बनाया। तहसील के गांवों में लगातार गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। दो माह से गुलदार लगातार पालतू जानवरों को अपना निवाला बना रहा है। शुक्रवार को सुगड़ के प्रताप सिंह व उनके साथी गांव के निकट जंगल में मवेशियों को चुगाने गए थे। मवेशियों को घर लाते समय प्रताप सिंह के बैल को गुलदार ने मार डाला। शनिवार को प्रताप सिंह ने घटना के बारे में वन दरोगा त्रिलोक नेगी को अवगत किया। वन दरोगा त्रिलोक सिंह नेगी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर विभागीय अधिकारियों को भेज दिया है। उधर ग्राम प्रधान विजया बरमोला ने वन विभाग को पत्र लिख कर अब तक जितने भी पालतू पशुओं को गुलदार मार चुका है शीघ्र पशुपालकों को उनका मुआवजा देने की मांग की है।