जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नयारघाटी क्षेत्र में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तहसील परिसर में गुलदार ने गाय को निवाला बना दिया। जिससे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। गुलदार की दहशत से लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पेंद्र राणा ने बताया कि मल्ली सतपुली, नगर पंचायत क्षेत्र, मुलेठी, उखलेत, चोमासूधार समेत बांघाट रोड पर गुलदार की दहशत बनी हुई है। उन्होंने इन स्थानों में पिंजरे लगाने की मांग की। बताया कि गुलदार क्षेत्र के कई आवारा और पालतू कुत्तों को भी निवाला बना चुका है। गुलदार सुबह-शाम दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों में दहशत बनी हुई है। वहीं, उपजिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य ने कहा कि क्षेत्र में गुलदार दिखने की सूचना मिली है। परिसर में लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जबकि तहसील परिसर में झाड़ियों का कटान पहले ही कर दिया गया था।