महिला पर गुलदार का हमला, मौत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड पाबौ के ग्राम पंचायत सपलोड़ी में एक महिला को गुलदार ने मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं वन विभाग की टीम ने गश्त बढ़ा दी है।
विकास खंड पाबौ के ग्राम पंचायत सपलोड़ी की सुषमा देवी उम्र 45 वर्ष पत्नी हरि सिंह रावत अपनी मित्र गुड्डी देवी के साथ काफल लेने गांव के जंगल हरियालीसैंण गई थी। लौटते समय शाम करीब साढ़े छह बजे घात लगाए गुलदार ने सुषमा पर हमला कर दिया। सहेली गुड्डी ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण जंगल की ओर भागे, जहां उन्हें सुषमा मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी पाबौ, राजस्व पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी पाबौ दीपक पंवार ने बताया कि गुलदार के हमले में सपलोड़ी की सुषमा देवी की मौत हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *