जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर दो कुंभीचौड़ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार का आतंक बना हुआ है। गुलदार लगातार लोगों के पालतू जानवरों को निवाला बना रहा है। शाम ढलते ही लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने वन विभाग से समस्या के निराकरण की मांग की है। कहा कि लोगों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कुंभीचौड़ निवासी राकेश रावत की गोशाला के बाहर बंधी दो साल की बछिया को गुलदार ने निवाला बना दिया है। सुबह जब राकेश रावत की पत्नी गोशाला में गाय का दूध दोहने गई तो वहां पर बछिया मृत अवस्था में पड़ी मिली। गुलदार ने बछिया के एक हिस्से को पूरी तरह से नोच दिया था। राकेश रावत ने बताया कि इस क्षेत्र में अंधेरे का लाभ उठाकर गुलदार की धमक बनी रहती है। कहा कि पूरे क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें न होने से चारों तरफ अंधेरा रहता है, जिसके कारण आए दिन गुलदार इस क्षेत्र में दिखाई देता है। इधर, क्षेत्रीय निवासी दीपक पांडे ने बताया कि गुलदार अभी तक कई पालतू कुत्तों को भी निवाला बना चुका है। कहा कि अंधेरे में गुलदार लोगों पर भी हमला कर सकता है। उन्होंने नगर निगम से क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगवाने व वन विभाग से गुलदार के आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है।