जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पहाड़ के साथ ही मैदान में भी गुलदार की धमक बनी हुई है। कोटद्वार क्षेत्र के अंतर्गत ग्रास्टनगंज में पिछले कई दिनों से गुलदार की धमक बनी हुई है। एक सीसीटीवी फुटेज में गुलदार घर से पालतू कुत्तें को उठाकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरे सीसीटीवी फुटेज में गुलदार सिद्धबली मार्ग में घूम रहा है। आबादी में बढ़ रही गुलदार की धमक से लोगों में दहशत बनी हुई है।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत ग्रास्टनगंज का अधिकांश भाग जंगल से सटा हुआ है। ऐसे में लैंसडौन वन प्रभाग के जंगल से निकलकर गुलदार आबादी क्षेत्र में पहुंच रहा है। कुछ दिन पूर्व गुलदार ग्रास्टनगंज से सनेह को जाने वाली सड़क पर भी देखा गया। वहीं, सोशल मीडिया पर भी गुलदार का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह घर के बाहर से एक पालतू कुत्ते को मुंह में दबाकर भागता हुआ नजर आ रहा है। आबादी में लगातार बढ़ रही गुलदार की धमक ने वार्डवासियों को दहशत में डाल दिया है। वार्डवासियों का कहना है कि इस संबंध में वह कई बार वन विभाग को भी सूचना दे चुके हैं। लेकिन, अब तक समस्या को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। वार्डवासियों को बच्चों व बुजुगों की चिंता बनी हुई है। कहा कि वन विभाग को जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को कैद करना चाहिए।