ग्रोथ सेंटर स्थित केएमसी इलेक्ट्रॉनिक्स का मामला, कर्मियों ने उठाई कार्रवाई की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत ग्रोथ सेंटर स्थित केएमसी इलेक्ट्रॉनिक्स में विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। हालत यह है कि शुक्रवार को वेतन सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। यही नहीं कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी गई। आक्रोशित कर्मचारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार वहां पहुंचा और कर्मियों को अपना धरना समाप्त करने के लिए कहने लगे। लेकिन, कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। इसी दौरान ठेकेदार के सुरक्षाकर्मी ने कर्मचारियों को धरना स्थल से हटाने के लिए उन पर अपनी बंदूक तान दी। यह देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच कई। बंदूक तनी देख कर्मचारी इधर से उधर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। साथ ही कर्मचारियों को धरना बंद न करने पर जान से मारने की भी धमकी दी गई। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें सुरक्षाकर्मी कर्मचारियों को बंदूक दिखा रहा है। साथ ही इसमें कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की जा रही है। इसके बाद कोतवाली में पहुंचे कर्मचारियों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। कहा कि फैक्ट्री में लगातार कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। पूर्व में भी कई बार कर्मचारियों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
फैक्ट्री पर तालाबंदी की चेतावनी
फैक्ट्री में कर्मचारियों के साथ ही मारपीट से आक्रोशित कर्मचारी संघर्ष समिति सिगड्डी सिडकुल ने फैक्ट्री में तालाबंदी की चेतावनी दी गई। कहा कि इससे पूर्व भी कई बार फैक्ट्री में कर्मचारियों के साथ अभद्रता हो चुकी है। कहा कि जब तक कर्मचारियों को न्याय नहीं मिलता वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। कर्मचारियों का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।