गुवाहाटी टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में बनाए 489 रन, भारतीय गेंदबाज रहे बेअसर

Spread the love

नईदिल्ली, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम की पहली पारी 489 रन पर समाप्त हुई। भारतीय गेंदबाज इस पारी में विकेट लेने के लिए तरसते रहे। मुकाबले के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट खोकर 247 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे दिन सेनुरन मुथुसामी (109) और मार्को यानसन (93) ने शानदार पारियां खेलकर टीम को इतने बड़े स्कोर तक ले गए। ऐसे में आइए दक्षिण अफ्रीका की पारी पर नजर डालते हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ और पहले विकेट के लिए एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने 161 गेंद में 82 रन जोड़ दिए। दूसरे दिन मुथुसामी अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। इसके अलावा यानसन ने अपने टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा के खाते में 2-2 विकेट आए।
इस शतक के साथ ही मुथुसामी के नाम खास उपलब्धि भी दर्ज हो गई है। वह भारतीय सरजमीं पर 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ने वाले केवल दूसरे विदेशी बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले प्रोटियाज विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने यह कारनामा किया था। उन्होंने साल 2019 में भारत दौरे पर खेले गए विशाखापट्टनम टेस्ट में 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 111 रन की शतकीय पारी खेली थी।
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में यह उनका पहला टेस्ट मैच था, जिसके साथ मुथुसामी ने इतिहास रच दिया। वह इस मैदान पर शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इसी तरह मुथुसामी के तीनों 50+ स्कोर एशियाई धरती पर ही आए हैं। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89* रन था, जो उन्होंने पिछले महीने पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में बनाया था। उन्होंने चटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 68 रनों की पारी भी खेली थी।
यानसन ने पहली पारी में 91 गेंदों का सामना किया और 93 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 7 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 102.20 की रही। इस खिलाड़ी ने मुथुसामी के साथ मिलकर 106 गेंदों में 97 रन की शानदार साझेदारी निभाई। ये उनके टेस्ट करियर का चौथा और भारतीय टीम के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। इस खिलाड़ी ने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *