अमरनाथ ड्यूटी से लौट रहे आइटीबीपी जवानों की बस खाई में गिरी, आधा दर्जन जवान शहीद

Spread the love

0-30 से अधिक जवान घायल
अनंतनाग, एजेंसी। अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी से लौट रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) जवानों से भरी बस पहलगाम से छह किलोमीटर पहले गहरी खाई में गिर जाने से सात जवानों की मौत हो गई। तीस से अधिक जवान घायल हैं, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की बस से जवान चंदनबाड़ी से पहलगाम लौट रहे थे। बस में आईटीबीपी के 37, पुलिस के दो जवान और दो बस स्टाफ थे। पहलगाम से छह किलोमीटर पहले सुबह 9़40 बजे बस असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सभी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आईटीबीपी की टीम, सुरक्षा बलों के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान मौके पर ही सात जवानों की मौत हो गई। अन्य घायलों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सबका इलाज चल रहा है। नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने हरसंभव बेहतरीन इलाज की सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही दुर्घटना में जान गंवाने वाले परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है। आईटीबीपी के डीजी ने भी दुर्घटना में मरने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
हेड कांस्टेबल दुला सिंह (तरनतारन, पंजाब), कांस्टेबल अभिराज (लखीसराय, बिहार), कांस्टेबल अमित के (एटा, उत्तरप्रदेश), कांस्टेबल डी राजशेखर (आंध्रप्रदेश), कांस्टेबल सुभाष सी बैरवाल (सीकर, राजस्थान), कांस्टेबल दिनेश बोहरा (पिथौरागढ़, उत्तराखंड) व कांस्टेबल संदीप कुमार (जम्मू)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *