हनुमान ने सीना चीरकर करवाए राम-सीता के दर्शन

Spread the love

हनुमान जयंती पर श्री सिद्धबली मंदिर में आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री सिद्धबली मंदिर समिति की ओर से हनुमान जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। भजन गायक पवन गोदियाल व कविता गोदियाल ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, शहर में भव्य बाइक रैली भी निकाली गई। नगर क्षेत्र जय श्री राम व हनुमान के जयकारों से गूंज उठा।
गुरुवार को हनुमान जयंती पर सुबह पांच बजे मंदिर में पिंडी महाभिषेक के साथ ही विशेष पूजा-अर्चना की गई। साढ़े सात बजे महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। इसके बाद नजीबाबाद रोड से श्री सिद्धबली मंदिर परिसर तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली के दौरान श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज थामे जय श्री राम व हनुमान के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में सुंदर कांड का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया। भजन संध्या में भजन गायक पवन गोदियाल व कविता गोदियाल ने भजनों की प्रस्तुति दी। गायकों ने ‘छमछम नाचे वीर हनुमान..’,‘दुनिया में देव हजारो हैं, लेकिन बजरंग बली का क्या कहना..’, ‘बजरंग बली तेरी महिमा निराली..’, सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। भजन गायकों के साथी कलाकारों की ओर से राम दरबार व अशोक वाटिका का मंचन भी किया गया। राम दरबार नाटिका मंचन के दौरान हनुमान ने अपना सीना चीरकर दर्शकों को भगवान राम व सीता के दर्शन करवाए। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न कीर्तन मंडलियों की ओर से भी कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। इस दौरान आयोजित भंडारे में बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद भी ग्रहण किया। इस मौके पर लैंसडौन विस के विधायक दिलीप रावत, कृषि मंडी समिति अध्यक्ष सुमन कोटनाला, श्री सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. जेपी ध्यानी, महासचिव विवेक अग्रवाल, प्रबंधक शैलेश जोशी, प्रमोद रावत, रविन्द्र नेगी, ऋषभ भंडारी, राजदीप माहेश्वरी, सुनील गोयल, मनोहर भंडारी सहित बड़ी तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *