जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारत विकास परिषद की ओर से जानकीनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में हैप्पी होम पब्लिक स्कूल व सीनियर वर्ग में टीसीजी स्कूल के छात्र-छात्राएं प्रथम रहे। प्रतियोगिता के अव्वल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कुकरेती व प्रदीप नौटियाल ने किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जूनियर वर्ग में हैप्पी होम पब्लिक स्कूल के अर्थव सेमवाल व अनमोल रावत प्रथम, ऋषि बाल निकेतन लालपानी की आरूषी व मयंक चौहान द्वितीय और हिमालयन एकेडमी के मोहम्मद जैद सिद्धिकी व तनुश्री तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में टीसीजी पब्लिक की अर्चिता व आरूशी प्रथम, आदर्श पब्लिक स्कूल अमन व इशिता द्वितीय, मदरलैंड एकेडमी की वैष्णवी व कविता तृतीय रहे। प्रतियोगिता के संयोजक गोपाल चंद्र बंसल ने कहा कि प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र के 21 स्कूलों के लगभग 66 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, तोताराम पांथरी, कैलाश चंद्र अग्रवाल, सेवकराम मनूजा, विष्णु कुमार अग्रवाल, श्रीकृष्ण सिंघानिया मौजूद रहे।