हापुड़ निवासी चालक का था टांडा के जंगल में मिला शव

Spread the love

हल्द्वानी। टांडा के जंगल में गुरुवार शाम को मिला शव, मैजिक वाहन चलाने वाले यूपी के व्यक्ति का था। वह रुद्रपुर से हल्द्वानी के बीच सवारी वाहन चलाता था। मृतक के बेटे ने मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त की है। बेटे ने पिता की हत्या कर जंगल में शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि गुरुवार शाम टांडा के जंगल में एक लाश मिली थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। हालांकि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखा और शिनाख्त के लिए प्रयास शुरू किए।
शुक्रवार को पुलिस के पास पहुंचे करन नाम के युवक ने मृतक की शिनाख्त अपने पिता 46 वर्षीय भुगेंद्र सिंह के रूप में की। मृतक का परिवार मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, जिला हापुड़ यूपी और हाल में यूएस नगर का रहने वाला है। करन ने बताया कि उसके पिता को किसी अज्ञात व्यक्ति का 11 जून को फोन आया था। इसके बाद उसके पिता एक दो घंटे में लौटकर आने की बात कह बाइक पर घर से निकले थे। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। शुक्रवार को अज्ञात का शव हल्द्वानी मोर्चरी में रखे होने की जानकारी मिली, तो यहां पहुंचे। मोर्चरी आकर देखा तो शव पिता का था। करन का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंका है। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *