हार्दिक ने हार का जिम्मेदार इन खिलाड़ियों को ठहराया, वैभव पर भी बोली बड़ी बात

Spread the love

नईदिल्ली, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने राजस्थान रॉयल्स से मिली 27 रनों की हार की जिम्मेदारी गेंदबाजों पर डाल दी. मैच के बाद उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स के ओपनर्स को खुलकर खेलने का मौका दिया, जिसकी बदौलत राजस्थान ने गुवाहाटी में बारिश से प्रभावित 11-11 ओवर के मैच में 150/3 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. जवाब में मुंबई की टीम 11 ओवर में 123/9 रन ही बना सकी.
मैच के बाद की प्रस्तुति में पांड्या ने कहा, हमने वैसी गेंदें नहीं डालीं जैसी हमें डालनी चाहिए थीं. उन्होंने (राजस्थान) बहुत अच्छा खेला. गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी. एक गेंदबाजी ग्रुप के तौर पर, हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए.
उन्होंने आगे कहा, मैं बल्लेबाजी पर दोष नहीं डालूंगा. निश्चित रूप से यह गेंदबाजी यूनिट की गलती थी, जिसे जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी. बात हमेशा अच्छी गेंदें डालने की होती है. अगर हमने सही गेंदें डाली होती, तो हम मैच में बने रहते. उनके ओपनर्स ने हमें हमारे खेल से भटका दिया और हम बस उनके पीछे-पीछे भागते रह गए और मैच में पिछड़ गए.
राजस्थान रॉयल्स के टीनएज बैटिंग सेंसेशन, वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछे जाने पर पांड्या ने कहा, 17 या 16 साल के लड़के (वैभव) को इस तरह खेलते देखना काफी दिलचस्प है. जिस तरह से वह बैटिंग करता है, उसमें जो निडरता है, उसे देखना कमाल का है. मैं उसके भविष्य के लिए उसे शुभकामनाएं देता हूं.
हार्दिक पांड्या द्वारा पहले फील्डिंग चुनने के बाद, मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी यूनिट परिस्थितियों का फायदा उठाने में नाकाम रही. जिसका नतीजा ये निकला कि राजस्थान के यशस्वी जायसवाल (32 गेंदों पर 77 रन नाबाद) और वैभव सूर्यवंशी (14 गेंदों पर 39 रन) ने छक्कों की बारिश कर दी और 3.2 ओवर के पावर-प्ले में ही 56 रन ठोक डाले.
मुंबई ने राजस्थान रॉयल्स को 11 ओवर में 150/3 का विशाल स्कोर बनाने का मौका दिया, जिससे मैच का नतीजा लगभग पावर-प्ले में ही तय हो गया था. 151 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए, मुंबई इंडियंस का टॉप-ऑर्डर बुरी तरह से लड़खड़ा गया. एक समय टीम ने अपने 5 विकेट 46 पर गिरा दिए. जहां से उनका जीतना असंभव सा लगने लगा था. और वो 11 ओवर के अंत में वे 123/9 तक ही पहुंच पाए, जिसके चलते उन्हें 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *