हरिद्वार में 29 केंद्रों पर होगी डीएलएड प्रवेश परीक्षा

Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद द्वारा द्वि-वर्षीय डीएलएड वर्ष 2019-20 प्रवेश परीक्षा आगामी चार दिसंबर को आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग ने जनपद में कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। 8532 प्रतिभागी परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि 533 अभियर्थियों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मुख्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा के नियंत्रक अधिकारी होंगे। शिक्षा परिषद ने परीक्षा के शांतिपूर्वक संचालन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है। हरिद्वार और रुड़की के 29 केंद्रों में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर और राजकीय इंटर कॉलेज रुड़की नोडल केंद्र बनाए गए हैं। नोडल केंद्र से ही परीक्षा में प्रयोग होने वाली सामग्री वितरित की जाएगी और परीक्षा संपन्न होने के उपरांत पूरी सामग्री नोडल केंद्र पर जमा कराई जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी के मुताबिक जनपद के जिन 29 विद्यालयों को डीएलएड प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनकी सूची उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर नैनीताल द्वारा जारी कर दी गई है। मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा केंद्र पर आने वाले डीएलएड प्रतिभागियों की मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी, बिना मास्क के प्रवेश द्वार से एंट्री नहीं दी जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ.आनंद भारद्वाज ने बताया कि हरिद्वार में 13 और रुड़की में 16 सेंटर बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *