एग्जिट पोल के नतीजों से गद्गद हरीश रावत बोले: 2017 की पराजय थी बहुत गहरी, 2022 में होगा नई विधानसभा का जन्म

Spread the love

देहरादून/हल्द्वानी। एग्जिट पोल आने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। परिणाम तो दस मार्च को सामने आएंगे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा दोनों अपनी सरकार बनने को लेकर आश्वस्त हैं। मंगलवार को हुई कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि एग्जिट पोल एक्जिट पोल है।
हम लोगों की भावनाओं के बारे में जानते हैं और उन्होंने कांग्रेस को वोट दिया है और बदलाव किया है। निर्णय कांग्रेस के पक्ष में होगा। वहीं उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हमें 43-45 सीटें मिलेंगी और हम सरकार बनाएंगे। नतीजे आने के बाद पार्टी नेताओं और आलाकमान से चर्चा की जाएगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा।
हरीश रावत ने एक कहा कि 17 मार्च, 2017 में कांग्रेस उत्तराखंड में पराजित हुई थी, पराजय बहुत गहरी थी। 10 मार्च, 2022 को नई विधानसभा जन्म ले लेगी, नामकरण तो सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ होगा, मगर जन्म 10 मार्च को हो जाएगा। कहा कि यह पांच साल का फासला एक राजनैतिक कार्यकर्ता के रूप में मेरे लिए बेहद चुनौतियों से भरा हुआ था, एक अति बुरी पराजय से उभरने के लिए ही अपनों की बहुत बड़ी मानसिक शक्ति की आवश्यकता थी।
मतदान तक प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई थी, वह मतदान के बाद कुछ कम हो गई थी। इधर मतगणना के दिन करीब आने के साथ ही चर्चाएं तेज हो गई हैं। कौन जीतेगा? किसकी सरकार बनेगी? इसको लेकर बातें हो रही हैं। सभी की निगाह मतगणना के दिन को लेकर लगी हुई है।
अब एग्जिट पोल आने के बाद तो चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि एग्जिट पोल ने दुविधा और बढ़ा दी है। कोई भाजपा तो कोई कांग्रेस को सत्ता में आता दिखा रहा है। दूसरी तरफ प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों अपनी-अपनी सरकार बनने का दावा कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत कहते हैं कि केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि चार राज्यों में हमारी सरकार बन रही है, यह अधिकांश एग्जिट पोल बता रहे हैं। भाजपा का प्रदर्शन शानदार होगा। पिछले चुनाव में पार्टी ने अनुमान से अधिक सीटें जीतीं थीं। इस बार भी यही होगा। इधर, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री महेश शर्मा का कहना है कि उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार बन रही है, यह अधिकांश एग्जिट पोल बता रहे हैं। कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार आ रही है।
अभी चुनाव परिणाम आने में दो दिन बाकी हैं लेकिन कांग्रेस समर्थक खुद को जीता मानकर गोवा टूर की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस समर्थकों को भरोसा है कि प्रदेश में उनकी सरकार आएगी। चुनाव परिणाम आते ही गोवा और राजस्थान में जश्न मनाया जाएगा। इस मामले में तरह तरह की चर्चाएं चल रही है। एग्जिट पोल आने के बाद समर्थक असमंजस में फंस गए हैं, लेकिन कांग्रेस के बड़े नेताओं ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *