जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुंभीचौड़ क्षेत्र में हुए एक शादी का खाना मोहल्ले वासियों को भारी पड़ गया। खाना खाने के कुछ देर बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया। हालांकि, सभी की स्थिति सामान्य है। चिकित्सक बीमारी का कारण फूड प्वाइजनिंग बता रहे हैं।
दो दिन पूर्व कुंभीचौड़ में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे थे। रात्रि भोज के बाद जब लोग अपने घर पहुंचे तो कईयों को उल्टी व दस्त की शिकायत होने लगी। सोमवार को दो-चार लोग चिकित्सालय पहुंचे, जबकि कुछ ने घर के आसपास मेडिकल स्टोर से दवा ले ली। हालात में सुधार न होने पर मंगलवार को पीड़ित बेस चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। अस्पताल में भर्ती एक महिला ने बताया कि अस्पताल में 15 से अधिक लोग एक ही मोहल्ले के हैं। इधर, हालात में सुधार होने पर कुछ लोगों को मंगलवार शाम तक चिकित्सालय से छुट्टी दे दी गई। जबकि पांच अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, बेस अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। बताया कि सभी बीमारों की स्थिति सामान्य है।