कोरोना के तीन मामले आने के बाद एक्टिव मोड में आया स्वास्थ्य विभाग

Spread the love

डीजी हेल्थ ने लिया संज्ञान, एक साल की ओपीडी और आइपीडी का मांगा ब्योरा
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में कोरोना के तीन मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी भी एक्टिव मोड में आ गए हैं। विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने ऊधमसिंह नगर की व्यवस्था के बारे में संज्ञान लिया है। डीजी हेल्थ तृप्ति बहुगुणा ने सीएमओ के साथ वीडियो कन्फ्रेंसिंग कर उनसे पिछले साल की ओपीडी और आइपीडी का ब्योरा मांगा है। यही नहीं उन्होंने चिकित्सकों की संख्या के साथ ही एंबुलेंस की भी डिटेल मांगी है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ने में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरे स्टाफ को अभी से तैयारियों में जुट जाने के लिए कहा है। जिले में पंतनगर के दो युवक एवं सितारगंज के विधायक व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी कोरोना पजिटिव आ चुके हैं। चौथी लहर की शुरूआत होते ही तीन लोगों के पजिटिव निकलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने मामलों का संज्ञान लिया है। शुक्रवार को डीजी हेल्थ ने वीडियो कन्फ्रेंसिंग कर सीएमओ से इसकी रिपोर्ट ली। इस दौरान डीजी हेल्थ ने अस्पताल की एक वर्ष की ओपीडी और आइपीडी का रिकार्ड मांगा है। साथ ही मरीजों की संख्या की जानकारी भी मांगी। इसके अलावा मरीज किस बीमारी से पीड़ित थे।उन्होंने कहा कि कोरोना जिस तरह से तेजी के साथ बढ़ रहा है। उससे स्वास्थ्य विभाग को हर सहुलियत रखने की आवश्यकता है। इस बीच उन्होंने विशेष चिकित्सकों के साथ ही कोविड स्टाफ में चिकित्सकों की संख्या और नर्सों आदि की जानकारी भी भेजने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में लगाए गए चिकित्साधिकारियों को ईसीजी के प्रशिक्षण के बारे में संपूर्ण जानकारी दी जाए। इसके अलावा चिकित्सालयों में रंग-रोगन के लिए डीपीआर बनाने के लिए भी सीएमओ को निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *