कोविड को लेकर सजग रहे स्वास्थ्य विभाग : डीएम

Spread the love

बेस अस्पताल कोटद्वार को एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष की प्रगति व आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 हेतु प्रस्तावित कार्यों एवं उन पर होने वाले व्यय व चिकित्सालय में पारदर्शिता के साथ सुविधाओं को दूरूस्थ करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सीएमएस को निर्देश दिये कि चिकित्सालय रेवन्यू में पारदर्शिता के साथ-साथ साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करें। कोविड की संभावित आहट को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य महकमे को सजग रहने को कहा।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए जिन प्रस्तावों को शामिल किया गया है उनमें सुधार की संभावनाएं व्याप्त है। उन्होंने सीएमएस बेस चिकित्सालय कोटद्वार व कोषाधिकारी कोटद्वार को निर्देश दिये कि चालू वित्तीय वर्ष में शामिल प्रस्तावों में सुधार करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष के लिए एक्शन प्लान तैयार करें। चिकित्सालय की दैनिक ओपीडी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीएमएस को निर्देश दिये कि बेस चिकित्सालय कोटद्वार की सेवाओं व उपचार से संतुष्ट कम से कम 20 लाभार्थियों का फीडबैक वीडियो क्लिप के माध्यम से उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर बैठक में सीएमएस डॉ. आदित्य तिवारी, एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर, विधानसभा अध्यक्ष का प्रतिनिधि जसपाल सिंह रावत, कोषाधिकारी पौड़ी आलोक शाह, कोषाधिकारी कोटद्वार निकिता बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी सुनील बर्तवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *