कंडारस्यूं पेयजल योजना का काम जनवरी तक होगा पूरा : स्वास्थ्य मंत्री

Spread the love

स्वास्थ्य मंत्री ने किया कंडारस्यूं पेयजल योजना का भूमि पूजन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कंडारस्यूं ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भूमि पूजन किया। योजना 2064.57 लाख की लागत से बनेगी। इस योजना से क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांवों के बीस हजार उपभोक्ता लाभान्वित होगें। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस योजना पर कार्य पूरी तेजी से किया जाएगा और जनवरी तक काम पूरा कर लिया जाएगा।
शुक्रवार को अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक श्रीनगर एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसके साथ ही पैठाणी बाजार से राहू मंदिर मार्ग तक इंटर लॉकिंग टाइल्स निर्माण का भी शिलान्यास किया। जबकि प्राइमरी स्कूल मंलुड में बाल वाटिका सामान और फर्नीचर का वितरण किया गया। यहां आयोजित जनसभा में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कंडारस्यूं ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना से क्षेत्र के 1800 परिवारों को पेयजल उपल्ब्ध हो सकेगा। योजना यहां के 39 गांवों और इनके 46 तोकों के लिए बनाई जा रही है। कहा कि योजना से कम से कम 20 हजार उपभोक्ताओं को आसानी से पानी मिलेगा। योजना का काम जनवरी में पूरा कर लिया जाएगा और इसका उद्घाटन 26 जनवरी को होगा। पाबौ में भी पेयजल किल्लत को दूर किया जा रहा है। साथ ही बिन्सर मंदिर पर करीब 5 करोड़ की लागत से काम हो रहा है। इसी तरह से बूंखाल मंदिर पर भी 1 करोड़ की लागत से काम किया जाएगा। पैठाणी में करीब 30 करोड़ की लागत से व्यावसायिक कॉलेज शुरू हो गया है। कहा कि यह पहली विधानसभा है जहां 7 डिग्री कॉलेज हैं। खेती किसानी को भी ध्यान में रखा गया है और सेब उत्पादन के लिए यहां बगीचे बनाएं गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्रीनगर में बनने वाला रेलवे स्टेशन वीर माधो सिंह भंडारी के नाम से बनाया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी जिलाध्यक्ष सुषमा रावत, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मयूर भट्ट, ब्लाक मंडल अध्यक्ष खिर्सू रमेश मंद्रवाल, जिला मंत्री कौशल्या, सुधीर जोशी, पैठाणी मंडल प्रभारी राजपाल रावत, नरेंद्र रावत कुट्टी ,मनवर सिंह रावत, प्रिंयका रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *