दिल दहला देने वाली वारदात : पुलिस ऑफिस के पीछे मिला मां-बेटी का शव, नाक-मुंह से बह रहा था खून; हत्या की आशंका

Spread the love

दुमका , झारखंड की उपराजधानी दुमका के नगर थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह एक सनसनीखेज खबर सामने आए है। यहां वीर कुंवर सिंह चौक के समीप स्थित सदर आरक्षी निरीक्षक (सदर इंस्पेक्टर) के बंद पड़े कार्यालय के पीछे वाले बरामदे से पुलिस ने एक महिला और उसकी छह वर्षीय मासूम बेटी का शव बरामद किया है। दोनों के नाक और मुंह से खून बह रहा था, जिसे देख पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है। इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की पड़ी नजर
घटना का पता तब चला जब बुधवार सुबह स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक करके लौट रहे थे। तभी उनकी नजर सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पिछले बरामदे पर पड़ी, जहां एक 30 वर्षीय महिला और करीब 6 साल की बच्ची का शव पड़ा था। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों के शवों की स्थिति संदिग्ध थी और नाक-मुंह से खून निकल रहा था। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विजय महतो और नगर थाना प्रभारी जगन्नाथ धान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
भीख मांगकर करती थी गुजारा, पहचान अब भी पहेली
भीड़ में मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतका अर्धविक्षिप्त थी और पिछले कुछ दिनों से इसी इलाके में भटक रही थी। वह भीख मांगकर अपना और अपनी बच्ची का पेट भरती थी। लोगों ने बताया कि कभी-कभी उसके साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी देखा जाता था। महिला और बच्ची हमेशा साथ रहती थीं, जिससे यह स्पष्ट है कि दोनों मां-बेटी थीं। हालांकि, पुलिस ने काफी कोशिश की, लेकिन महिला का नाम क्या था और वह कहां की रहने वाली थी, इसकी जानकारी अभी तक किसी को नहीं मिल पाई है।
सुनसान जगह पर ले जाकर वारदात को अंजाम देने का शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस जगह पर शव मिले हैं, वहां आमतौर पर कोई आता-जाता नहीं है और न ही वह रहने लायक जगह है। पुलिस को आशंका है कि हत्यारे किसी बहाने से महिला और बच्ची को यहां लाए होंगे और फिर वारदात को अंजाम दिया होगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि महिला के साथ अंतिम बार दिखे संदिग्धों की पहचान की जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी बोले- प्रथम दृष्टया हत्या का मामला
दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि मां-बेटी का शव मिलने की घटना प्रथम दृष्टया हत्या प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत की असली वजह और हत्या किस तरीके से की गई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *