ज्योतिर्मठ में झमाझम बारिश व ओलावृष्टि

Spread the love

चमोली()। चमोली जनपद में मंगलवार को मौसम ने करवट बदली और दोपहर बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई जिससे मौसम में ठंडक आ गई है। जनपद के निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं। विगत कई दिनों से बारिश न होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने से गरमी का एहसास होने लगा था। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। ज्योतिर्मठ क्षेत्र में दोपहर बाद बारिश हुई। औली और परसारी में करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। बारिश होने पर काश्तकारों ने राहत की सांस ली। यह बारिश जौ, गेहूं और मटर की फसलों के लिए फायदेमंद होगी। इधर नंदानगर, गोपेश्वर, पीपलकोटी, पोखरी क्षेत्र में आसमान में बादल छाए रहे।
बदरीनाथ धाम की चोटियों और हेमकुंड में हुई बर्फबारी : मंगलवार को दोपहर बाद बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नंदा घुंघटी, नीती और माणा घाटी के गांवों में हल्की बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देर शाम तक भी मौसम खराब रहा जिससे देर रात को फिर बर्फबारी की संभावना है।
बदलता रहा मौसम: कर्णप्रयाग। मंगलवार को दिनभर मौसम बदलता रहा। सुबह होते ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे लेकिन दोपहर में धूप खिल गई। अपराह्न तीन बजे के बाद फिर मौसम ने करवट बदली और बादल छा गए। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की ठंडी हवाएं भी चलीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *