विकासनगर()। कैनाल बाईपास का डामरीकरण शुरू हो गया है। शनिवार को विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने निर्माण का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण पूर्ण गुणवत्ता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मार्ग निर्माण का प्रथम चरण है। सर्दियों के बाद मार्ग को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस मार्ग के निर्माण से विकासनगर बाजार में जाम से मुक्ति मिलेगी। भारी वाहन इसी मार्ग से होकर गुजरेंगे। कैनाल बाईपास विकासनगर की प्रमुख सड़क है। तमाम भारी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। हरबर्टपुर डाकपत्थर कालसी जाने के लिए यह वैकल्पिक मार्ग है, लेकिन वर्षों से इस मार्ग की हालत खराब थी। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के लिए कई बार कांग्रेस और आम लोगों ने धरने-प्रदर्शन भी किए। विधायक मुन्ना सिंह चौहान के प्रयास से मार्ग निर्माण के लिए दस करोड़ रुपये काफी पहले स्वीकृत हो चुके थे, लेकिन विकासनगर में पेयजल और सीवर योजना स्वीकृत होने के कारण इस मार्ग का निर्माण नहीं हो सका। क्योंकि मार्ग से होकर भी सीवर और पेयजल लाइन जानी थी। अब, कैनाल बाईपास रोड पर सीवर और पेयजल लाइन का कार्य पूरा हो चुका है तो लोनिवि ने सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया है। शनिवार को विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने लोनिवि अधिकारियों के साथ सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से विकासनगर बाजार में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुचारु चलेगा। सभी भारी वाहनों को यहीं से गुजारा जाएगा। इस दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों को निराधार बताया। कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। अभी सड़क निर्माण का प्रथम फेज चल रहा है। खोदाई होने के कारण कुछ सामने सड़क धंसेगी भी। जिसको ठीक कराया जाएगा। कहा कि मार्च के बाद सड़क को अंतिम रूप दिया जाएगा। बताया की जो लोग गुणवत्ता को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, वह उन्हें चुनौती देते हैं कि वह साबित करके दिखाएं। निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मार्ग पर सीवर लाइन और पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था, जिसकी वजह से लोगों को असुविधा हुई, लेकिन अब सड़क निर्माण अंतिम चरण में है जिसको जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य,वीरेंद्र सिंह बॉबी, रिकेश शर्मा, रोशन नेगी, नीरज ठाकुर, अंकित अग्रवाल आदि मौजूद रहे।