बारिश और मानसून आते ही केदारघाटी से लौटीं हेली कंपनियां

Spread the love

रुद्रप्रयाग : लगातार हो रही बारिश और मानसून के आते ही केदारघाटी से सभी हेली कंपनियां लौट गई हैं। शनिवार को सभी हेलीकॉप्टर वापस चले गए हैं जबकि हेली दफ्तर भी बंद हो गए हैं। केदारनाथ के लिए अब दूसरे चरण की हेली सेवाएं सितम्बर माह से शुरू होंगी। बीते 15 जून को आर्यन हेली कै्रश होने के बाद से केदारघाटी में हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पा रहे थे, जबकि इस दौरान यात्रियों के करीब 6 हजार टिकट कैंसिल हुए। माना जा रहा था कि हेली कंपनियां 22 को लौटेंगी किंतु लगातार खराब मौसम को देखते हुए सभी हेली कंपनियां शनिवार को ही वापस लौट गई हैं। हेलीकॉप्टर कंपनियों के दफ्तरों पर ताले लग गए हैं, जबकि हेलीपैड सूनसान हो गए हैं। यहां न यात्री है और ना ही हेलीकॉप्टर की आवाज सुनाई दे रही है। हालांकि इस साल हेली दुर्घटनाओं के बाद हेलीकॉप्टरों को एक कठिन दौर से गुजरना पड़ रहा है। शनिवार को पवनहंस, ग्लोबल, थंबी, हिमालयन हेली, ऐरा आदि कंपनियां लौट गई हैं। जबकि हेली दुर्घटनाओं के चलते डीजीसीए और यूका द्वारा आर्यन, ट्रांस भारत और क्रिस्टल की सेवाएं पहले ही बंद करा दी थी। अब, जून के 9 दिन और जुलाई एवं अगस्त में यात्रियों को हेली सेवाओं की सुविधा नहीं मिल पाएगी, जबकि सितम्बर पहले सप्ताह से 15 तारीख के बीच डीजीसीए की अनुमति वाली हेली कंपनियां दोबारा से केदारघाटी आकर सेवाएं देना शुरू कर देंगी। हेली के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि बरसात के चलते सभी हेली सेवाओं ने सामान पैक कर दिया है, हेली लौट गए हैं। सितम्बर माह से फिर हेली सेवा शुरू होगी। इधर, इस साल कपाट खुलने से 15 जून तक आर्यन, ट्रांस भारत, पवनहंस, थंबी, ग्लोबल विक्ट्रा, हिमालय हेली, क्रिस्टल और ऐरो की कुल 9801 शटल हुई जिसमें 56044 यात्री हेली से केदारनाथ गए हैं जबकि 54209 यात्री केदारनाथ से वापस आए हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *