जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वाधान में श्रीमती नाजिश कलीम सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल द्वारा जिला न्यायालय परिसर में “अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस” के अवसर पर साक्षरता/जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। न्यायिक अधिकारियों ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए यह संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की सूचना संबंधित विभागों एवं हेल्पलाइन माध्यमों पर तत्काल प्रदान करें तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।
इस मौके पर सचिव नाजिश कलीम ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस भ्रष्टाचार के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसके खिलाफ लड़ने में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को उजागर करने के लिए हर साल 9 दिसंबर को मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार से होने वाले गंभीर खतरों के बारे में जन जागरूकता बढ़ाना, समाज के हर स्तर पर भ्रष्टाचार को रोकने और उसका मुकाबला करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। भ्रष्टाचार के कई रूप हैं, जैसे: रिश्वत, गबन, भाई-भतीजावाद। उन्होंंने कहा कि भारत में भी भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए कई कानून और संस्थाएं हैं। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शहजाद ए वाहिद, सिविल जज सीनियर डिवीजन अमित भट्ट, सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रतीक्षा केसरवानी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतीक मथेला, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराडा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल महेश कॉलोनी, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता कुसुम नेगी, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव गजेंद्र सिंह रावत एवं पूर्व अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ सुभाष चंद्र रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।