असहाय लोगों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म : माता मंगला

Spread the love

-श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव में बोलीं हंस फाउंडेशन की संस्थापिका माता मंगला
-कहा हर जरूरतमंद व्यक्ति को मदद पहुंचाना हंस फाउंडेशन की प्राथमिकता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
हंस फाउंडेशन की संस्थापिका माता मंगला ने कहा कि श्री सिद्धबली बाबा के आशीर्वाद से उन्हें सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने की ऊर्जा मिल रही है। हंस फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को मदद पहुंचाना है। कहा कि असहाय लोगों की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म होता है। हमें अधिक से अधिक लोगों की मदद करनी चाहिए।
श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव -2021 के दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ हंस फाउंडेशन के संस्थापक भोले महाराज, माता मंगला, भारत माता मंदिर के महंत स्वामी ललितानंद गिरि महाराज व लैंसडौन विधायक दिलीप रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि माता मंगला ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने जनता से गढ़वाल क्षेत्र में अत्याधुनिक अस्पताल खोलने का वादा किया था। श्री सिद्धबली बाबा के आशीर्वाद से आज सतपुली क्षेत्र में हंस फाउंडेशन का अत्याधुनिक अस्पताल संचालित हो रहा है। कोटद्वार व पौड़ी के केंद्र में बने इस अस्पताल का सबसे अधिक लाभ दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को मिल रहा है। कहा कि कुछ व्यक्तियों ने अस्पताल को राजनीति से जोड़कर समाज को भ्रमित करने का भी काम किया, लेकिन आज वह लोग भी अस्पताल की सेवाओं को देख चकित हैं। कोरोना काल में हंस फाउंडेशन का अस्पताल पर्वतीय क्षेत्रों के लिए संजीवनी बना। अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर व अन्य मेडिकल उपकरण कई अस्पताओं में पहुंचाए गए। कहा कि यदि मन में सच्ची समाज सेवा करने की ललक हो तो ईश्वर खुद ही रास्ते बना देता है। भारत माता मंदिर के महंत ललितानंद गिरी ने कहा कि श्री सिद्धबली बाबा से देश विदेश के भक्तों की श्रद्धा जुड़ी हुई है। बाबा यहीं से पूरे विश्व की रक्षा करते हैं। इस मौके पर श्री सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंज बिहारी देवरानी, मेला संयोजक अनिल कंसल, अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, महासचिव विवेक अग्रवाल, शिव कुमार अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *