टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम द्वारा बनाए गए सबसे बड़े स्कोर

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई बार अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान किया है। बड़े मंच पर खेले गए मुकाबलों में भारतीय टीम ने ऐसे विशाल स्कोर खड़े किए, जिन्होंने विरोधी टीमों की कमर तोड़ दी। ये स्कोर सिर्फ रन नहीं, बल्कि भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक सोच और ताकत का प्रतीक हैं। ऐसे में आइए भारतीय टीम द्वारा बनाए गए टी-20 विश्व कप में सबसे बड़े स्कोर पर नजर डाल लेते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम ने साल 2007 के विश्व कप में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 218/4 का स्कोर बना दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए गौतम गंभीर ने 41 गेंदों में 58 रन बनाए थे। वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से 52 गेंदों में 68 रन निकले थे। युवराज सिंह ने तो सिर्फ 16 गेंदों में 58 रन जड़ दिए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम 200/6 का स्कोर बना पाई थी। भारत को 18 रन से शानदार जीत मिली थी।
भारतीय टीम का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर साल 2021 के टी-20 विश्व कप में आया था। टीम ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 210/2 का स्कोर बनाया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा ने 47 गेंदों का सामना करते हुए 74 रन बनाए थे। ऋषभ पंत ने 13 गेंद में 27 रन और हार्दिक पांड्या ने 35 रन बनाए थे। केएल राहुल के बल्ले से 69 रन निकले थे। जवाब में अफगानिस्तान 144/7 का स्कोर ही बना पाई थी।
भारतीय टीम ने साल 2024 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 205/5 का स्कोर बनाया था। ये टी-20 विश्व कप के इतिहास में उनका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। रोहित ने 41 गेंदों का सामना कर 92 रन बनाए थे। उन्होंने 7 चौके और 8 छक्के लगाए थे। जवाब में कंगारू टीम 181/7 का स्कोर ही बना पाई थी। भारतीय टीम को 24 रन से जीत मिली थी।
भारतीय टीम का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी साल 2024 के ही विश्व कप में आया था। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ टीम ने 196/5 का स्कोर बना दिया था। हार्दिक पांड्या ने 27 गेंदों का सामना कर 50 रन बनाए थे। विराट कोहली ने 37 रन बना दिए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम 146/8 का स्कोर ही बना पाई थी। भारतीय टीम को उस मैच में 50 रन से शानदार जीत मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *