अल्मोड़ा()। नगर के लोअर माल रोड स्थित सिमकनी मैदान में रविवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल बाबा ने की, जबकि विभिन्न वक्ताओं ने समाज संगठन, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत बौद्धिक प्रमुख रेखा जोशी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शारीरिक शिक्षण प्रमुख सुनील ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के तहत देवभूमि सांस्कृतिक समिति, अल्मोड़ा और संस्कृति विभाग उत्तराखंड के सहयोग से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। हास्य कलाकार मोहन दा और अमित भट्ट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों ने दर्शकों का मनोरंजन किया। नारायण थापा और पीरूल संस्था की ओर से प्रस्तुत छोलिया नृत्य ने विशेष आकर्षण बटोरा। इस आयोजन में मां अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज और त्रिपुरा सुंदरी महिला समिति का भी सहयोग रहा। विद्या भारती के शिशु मंदिर और विवेकानंद विद्या मंदिर के विद्यार्थियों के साथ भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन चंद्र प्रकाश फुलोरिया ने किया। अंत में मां नंदा हिंदू सम्मेलन समिति की ओर से मनोज सनवाल और अजीत पवार ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। आयोजन के समापन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अल्मोड़ा के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सम्मेलन से पूर्व युवाओं द्वारा बाइक रैली व रंगारंग सांस्कृतिक झांकी भी निकल गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महापौर अजय वर्मा, दर्जाधारी गंगा बिष्ट, पूर्व डिप्टी स्पीकर रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, रवि रौतेला, पूर्व दर्जाधारी गोविंद पिलख्वाल, बिट्टू कर्नाटक, मनोज सनवाल, अमित साह मोनू, दीपक पांडे, जिपं सदस्य प्रेम लटवाल, आनंद कनवाल, कैलाश गुरुरानी समेत कई लोग मौजूद रहे।