मंडल मुख्यालय में धूमधाम से मनाया होली पर्व

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मंडल मुख्यालय पौड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर अबीर गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की बधाई दी। होली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। होली के साथ ही जुम्मे की नमाज भी शांतिपूर्ण मनाई गई।
पौड़ी में पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, विधायक राजकुमार पोरी, डीएम डा. आशीष चौहान, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने परिजनों के साथ होली का पर्व धूमधाम से मनाया। शहरवासियों ने शहर में होली गीत गाए, एक-दूसरे पर अबीर-गुलाल लगाया और मिठाई खिलाकर होली के पर्व की खुशियां झूम-झूम कर मनाई। पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि होली का पर्व खुशियों, उल्लास व सामाजिक सौहार्द का पर्व है। जिसे पौड़ी के जन-जन ने बड़ी उत्साह के साथ मनाया। जिला अस्पताल के प्रभारी पीएमएस डा. सुनील शर्मा ने बताया कि होली के पर्व पर किसी तरह के रंगों के एलर्जी या अन्य मरीज नहीं आए। कोतवाल पौड़ी कमलेश शर्मा ने बताया कि मुख्यालय पौड़ी में होली का पर्व शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। साथ ही जुम्मे की नमाज भी शांतिपूर्ण संपंन हुई। थलीसैंण में जनता ने जमकर होली का जश्न मनाया। इसके अलावा खिर्सू व पाबौ ब्लाक में ब्लाक प्रशासक भवानी गायत्री, डा. रजनी रावत ने स्वजनों के साथ होली मनाई। इस दौरान घर-घर में गुजिया सहित अन्य मिष्ठानों, अबीर-गुलाल सहित विविध रंगों की धूम रही।

हर्षोल्लास के साथ मनाई होली
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली में बड़े धूमधाम से होली का त्योहार मनाया गया। होली पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर गुलाल अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। कन्या विद्यालय में विधिवत पूजा अर्चना के बाद होली का दहन किया गया। होली की पताका को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सतपुली पुष्पेंद्र राणा ने मधु गंगा में विसर्जित किया। इस अवसर पर व्यापार संघ अध्यक्ष जयदीप नेगी व होली की होलियार टीम मौजूद रही। थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन रमोला, एसआई रियाज अहमद, एसआई सोहनलाल, पुलिसकर्मी संजय पाल सिंह, त्रिलोक सिंह रौथाण, अमित कुमार, मुकेश दत्त, जसवंत सिंह सहित दर्जन पुलिस कर्मियों ने सतपुली बाजार के चारों ओर तैनाती रहते हुए शांतिपूर्वक होली का कार्यक्रम संपंन करवाया।

होली का पर्व बडे़ हर्षाेल्लास के साथ मनाया
श्रीनगर गढ़वाल : नगर क्षेत्र में रंगोत्सव और आपसी मिलन का पर्व होली शांतिपूर्ण तरीके से मनाई गई। शहर में होली के जश्न के दौरान कोई भी हुड़दंग, लडाई झगड़े और दुर्घटना का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में होली का पर्व बडे़ हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की घटना सामने नहीं आई है। शहर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से होली का पर्व संपन्न हुआ है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *