नई टिहरी()। होली का पर्व जिलेभर में आपसी भाई-चारे के साथ धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लाेगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। बौराड़ी स्टेडियम में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत की ओर से आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने ढोल-दमाऊं की थाप पर सामूहिक रूप से होली खेली।भाजपा कार्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई और एससी आयोग की सदस्य सुनीता देवी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का टीका लगाकर स्वागत किया। डीएम नितिका खंडेलवाल ने भी आवास पर पहुंचे लोगों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। एसएसपी आयुष अग्रवाल के आवास में भी होली का त्योहार भव्य रूप से मनाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने डीजे की धुन पर थिरकते हुए एक-दूसरे को खुशियों का रंग लगाया। नैनबाग क्षेत्र में भी होली का त्योहार उल्लास के साथ मनाया गया। होल्यारों ने ढ़ोल-नगाड़ों की धुन पर तांदी और रांसो नृत्य किया और एक-दूसरे पर खूब रंग लगाया।
नैनबाग के टटोर, पांव, कोटी, जयद्वार, नैनगांव, मरोड़ आदि गांवों में होली का पर्व स्थानीय रीति- रिवाज के साथ मनाया गया। उधर थत्यूड़ क्षेत्र के ग्राम खेड़ा, पापरा, बंगसील, मोलधार, ओतड़, और परोड़ी आदि गांवों में लोगों ने एक-दूसरे पर रंगो की बौछार की। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, प्रधान कुलबीर रावत, कृपाल सिंह रावत आदि मौजूद थे। लंबगांव, घनसाली, कंडीसौड़, नरेंद्रनगर, चंबा और जाखणीधार क्षेत्र में भी रंगों का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने कहा कि होली मनाने के बाद कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि होली का त्योहार जिलेभर में शांतिपूर्ण ढंग से मनाया मनाया।