रुद्रपुर()। होली के दिन रुद्रपुर में कई जगहों पर हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग क्षेत्रों में मामूली विवाद पर कहीं पिस्टल तान दी गई तो कहीं दिनदहाड़े फायर कर दिया गया। होली पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के निर्देशों के बावजूद हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, आवास विकास क्षेत्र में कुछ युवक अपने कार्यालय के बाहर आपसी भाईचारे के साथ होली मना रहे थे। इसी दौरान आरोप है कि अचानक बाइक पर सवार कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना किसी विवाद के हमला शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने हिमांशु अरोरा के सिर पर जोर से शराब की बोतल मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने वहां मौजूद अन्य युवकों के साथ भी हाथापाई और मारपीट की। घायल हिमांशु को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से एक युवक ने पिस्टल तान दी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों को खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं दूसरी घटना इंदिरा कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी गली नंबर छह निवासी एक किशोर होली के दिन अपने घर की छत पर खड़ा होकर रंग और पानी से होली खेल रहा था। इसी दौरान गली से बाइक पर सवार चार युवक गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि छत पर मौजूद किशोर ने उन पर पानी फेंक दिया। इससे नाराज होकर बाइक सवार कुछ दूरी पर जाकर वापस लौट आए। इसके बाद बाइक पर बैठे युवकों में से एक नीचे उतरा और छत पर खड़े किशोर की ओर तमंचा तानकर दो राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से आसपास अफरातफरी मच गई। इसके बाद चारों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों मामले संज्ञान में आए हैं। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।