पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के मझेड़ा में अब होली में नशा करने पर कार्रवाई होगी। होली पर्व के दौरान अक्सर लड़ाई-झगड़े देखने को मिलते हैं। पर्व के दौरान ऐसा कुछ न हो, इसके लिए सीमांत में कुछ होली कमेटियां अपने-अपने स्तर से पहल कर रही हैं। मझेड़ा होली कमेटी ने शांतिपूर्वक पर्व मनाने के लिए अराजकता करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। जिला मुख्यालय से लगे मझेड़ा में होली कमेटी ने बीते रोज बैठक हुई। इस दौरान होली पर्व की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी होली पर्व उत्साह से मनाया जाएगा। 27 फरवरी को गणेश पूजन के साथ चीर बंधन होगा। जिसके बाद से चार मार्च तक रोजाना खड़ी होली गायन किया जाएगा। होल्यार मझेड़ा से लेकर नाकोट, रतवाली, धारापानी में घर-घर जाकर होली गायन करेंगे। होली नशामुक्त और अश्लीलता मुक्त होगी। कमेटी ने सभी अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में हिस्सा लेने और शांतिपूर्वक होली पर्व मनाने की अपील की है। बैठक में लीलांबर गुरुरानी, त्रिभुवन जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे।