ऋषिकेश()। भाजपा के संगठनात्मक जिला ऋषिकेश के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने मंगलवार को बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। पूर्व मंत्री ने सभी जिलाध्यक्षों को सम्मानित किया और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मंगलवार को भाजपा के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में पहुंचे। वहां उन्होंने पूर्व मंत्री व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। पूर्व मंत्री ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसकी सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और सेवा भाव को आत्मसात करते हुए सभी पदाधिकारी जनसेवा एवं राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। कहा कि युवा मोर्चा जहां युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य करेगा, वहीं महिला मोर्चा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगा। किसान मोर्चा किसानों की समस्याओं के समाधान एवं उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेगा, जबकि अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक मोर्चा समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में एक साधारण से भाजपा कार्यकर्ता नितिन नवीन के नियुक्त होने पर भी खुशी जताई। कहा कि केवल भाजपा में ही यह संभव है कि एक साधारण कार्यकर्ता अपनी मेहनत, निष्ठा और समर्पण के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंचे। यह हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का विषय है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शिवम टुटेजा, महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ममता नयाल, किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चंद्रभान पाल, अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आनंद सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सतीश सिंह शामिल रहे।