भीषण सड़क हादसा : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाई तबाही, 5 लोगों की मौत; 4 घायल

Spread the love

नई दिल्ली , मध्य प्रदेश के ग्वालियर में थाटीपुर स्थित जैन मंदिर के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना रात करीब 3 बजे बस स्टैंड के पास हुई। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो चला रहा ड्राइवर पहले बस स्टैंड के पास एक वाहन से टकराया। इसके बाद उसने नियंत्रण खो दिया और जैन मंदिर के नजदीक एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में इंद्रजीत शाक्य (55), लीला (52), शुभम (30), प्रीति कश्यप (60) और शगुन की मौत हो गई। वहीं, प्रीति (20), प्रियांश (5), आरव (6) और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए हैं। सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *