उत्तराखंड

रुद्रपुर में भीषण हादसा, गर्भवती समेत चार की मौत, तीन गंभीर

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक गर्भवती महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में गर्भवती महिला की सास, ननद और ई-रिक्शा चालक भी शामिल है। हादसा उस समय हुआ, जब एक ई-रिक्शा में सवार महिलाएं गर्भवती महिला को जिला अस्पताल से लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान बरेली नंबर की तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण कॉलोनी भूरारानी निवासी 25 वर्षीय ज्योति साहनी पत्नी रविन्द्र साहनी गर्भवती थी। मंगलवार रात ज्योति के अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। इस पर सास कांति साहनी, ननद ललिता साहनी, मामी उर्मिला और विभा ई-रिक्शा चालक मनोज साहनी को बुलाकर ज्योति को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां गायिनी विभाग में तैनात स्टाफ ने ज्योति की जांच की और प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजन उसे घर लेकर लौट रहे थे। बुधवार तड़के करीब तीन बजे अस्पताल से करीब 300 मीटर दूर नैनीताल हाईवे पर अटरिया रोड के पास बरेली नंबर की एक कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे में गर्भवती ज्योति साहनी, 42 वर्षीय उर्मिला साहनी पत्नी लोहा साहनी, 30 वर्षीय विभा साहनी पत्नी प्रमोद साहनी निवासी सुभाष कॉलोनी और सत्यनारायण कॉलोनी भूरारानी निवासी ई-रिक्शा चालक 35 वर्षीय मनोज साहनी, 45 वर्षीय कांति देवी पत्नी दिनेश साहनी और 36 वर्षीय ललिता साहनी पत्नी सुबोध साहनी निवासी सुभाष कॉलोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक मनोज साहनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि उर्मिला और विभा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गर्भवती ज्योति को हायर सेंटर रेफर किया गया। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान ज्योति ने भी दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल ललिता साहनी और कांति साहनी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कार चालक का साथी बबलू कुमार निवासी बरेली भी गंभीर रूप से घायल है। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के वक्त गर्भवती ज्योति का पति बाइक से पीछे आ रहा था। वह मजदूरी करता है। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के हादसा हुआ था। बरेली निवासी कार चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश किए हैं। उन्होंने एडीएम प्रशासन पंकज उपाध्याय को जांच सौंपी है। डीएम ने बताया कि अस्पताल में गर्भवती को लाने और यहां से ले जाने और इसके बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच होगी। वहीं सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने भी परिजनों के हादसे के बाद 108 एबुलेंस में कॉल रिसीव न होने के आरोपों के बीच मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!