बूंदी , कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा पेश आया। डाबी थाना क्षेत्र के दुधी कुड़ी कट पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाई-बहन और उनके एक चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों के पिता गंभीर रूप से घायल हैं। बीमार बच्चे को दवा दिलाने जा रहे थे, रास्ते में मिली मौत पुलिस के अनुसार, पराणा गांव निवासी मदन बंजारा अपनी बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण को लेकर बाइक से डाबी की ओर जा रहे थे। परिवार के एक बच्चे की तबीयत खराब थी और मदन उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे-27 पर दुधी कुड़ी कट के पास पहुंचे, बिजौलिया की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
रूह कंपा देने वाला मंजर : दूर तक घिसटते गए मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर बाइक को काफी दूर तक घसीटता ले गया।
मासूमों की मौत : 8 से 10 साल की उम्र के तीनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पिता की स्थिति : मदन बंजारा लहूलुहान हालत में सड़क पर मिले, जिन्हें तत्काल कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हाईवे पर फूटा गुस्सा : शव सड़क पर रख लगाया जाम
हादसे की खबर मिलते ही पराणा गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-27 पर जाम लगा दिया। परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और काफी देर तक मासूमों के शवों को सड़क से उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों की मांग है कि पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए और आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस की कार्रवाई : ड्राइवर फरार, ट्रेलर जब्त
डाबी थाना प्रभारी (स्॥ह्र) हेमराज शर्मा ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक पुलिस के आला अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे रहे।