जशपुर , छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 9 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस अनमोल बस एजेंसी की बताई जा रही है। बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसा करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास हुआ।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।