काशीपुर(। राष्ट्रीय राजमार्ग केलाखेड़ा पर निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक को वन-वे किए जाने से शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गदरपुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात डंपर ने सामने से आ रही दो कारों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई। उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। केलाखेड़ा पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे यूपी के बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र के गांव नीन्दड़ी निवासी 60 वर्षीय मुनव्वर पुत्र नजीर, 50 वर्षीय राशिदा पत्नी शरीफ, 7 वर्षीय फैज पुत्र शमीम, 32 वर्षीय शाहीन पत्नी नोमान, 60 वर्षीय फरीद अहमद पुत्र शब्बीर अहमद, 45 वर्षीय रोमा पत्नी फुरकान सहित अन्य परिजन दो कारों में सवार होकर गदरपुर में रिश्तेदारी जा रहे थे। जैसे ही वे फिदानगर चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे डंपर ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह लोग घायल हो गए। राशिदा की हालत गंभीर होने पर उन्हें काशीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हामिद अली और अकरम पठान के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण हाईवे किनारे धरने पर बैठ गए और एनएचएआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के ट्रैफिक को वन-वे करना हादसों को न्योता दे रहा है। हामिद अली ने कहा कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद में है। यदि समय रहते अंडरपास की मांग पूरी नहीं की गई तो भविष्य में और भी जानलेवा हादसे हो सकते हैं। अकरम पठान ने बताया कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरने में फुरकान अली, जितेंद्र चानना, लियाकत अली, रफीक कुरैशी, नासिर अली, आसिफ अल्वी, अब्दुल्ला पठान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
—
डंपर और कारों की भिड़ंत में कुछ लोग घायल हुए हैं तथा एक महिला की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -विभव सैनी, सीओ बाजपुर