उद्यान विभाग की गारंटी फेल, सेब के पेड़ पर नहीं लगे फल
जनता दरबार में अधिकारियों ने सुनी लोगों की समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सरकार जनता द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत आसूई के राजकीय इंटर कॉलेज कांसखेत में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार से जल संस्थान एवं विद्युत विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस मौके पर लोगों ने उद्यान विभाग से खरीदे गये पौधों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उद्यान विभाग से दो वर्ष पूर्व सेब के पेड़ खरीदे थे, लेकिन दो साल बीत जाने के बावजूद भी अभी तक पेड़ों पर फल नहीं आये है।
शनिवार को नोडल अधिकारी डॉ. एसबी जोशी अपर शिक्षा निदेशक गढ़वाल मंडल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में स्थानीय लोगों ने सड़क, पानी और बिजली सहित अन्य समस्याओं को उठाया। इस दौरान लोगों ने कांसखेत बाजार में सड़कों की जल निकासी, जल जीवन के तहत हर घर नल हर घर जल कार्यक्रम के तहत कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। देवेश रावत ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई। सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने बताया कि उद्यान विभाग की सब्सिडी के तहत हाई हाईब्रिड सेब के पेड़ खरीदे, लेकिन दो साल बाद भी अभी तक पेड़ों पर सेब नहीं आये। जबकि उद्यान विभाग के अनुसार हाईब्रिड के सेब के पौधों पर 18 माह में सेब लगने की गारंटी है। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी गंगा प्रसाद लखेड़ा, राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार घिंडियाल, सहायक अभियंता मृत्युंजय शर्मा, प्रभारी प्रधानाचार्य राइका कांसखेत, क्षेत्र पंचायत सदस्य सपना रावत, पंचायत सदस्य संतोष रावत, ग्राम पंचायत अधिकारी जितेन्द्र रावत, विजय नैथानी, चित्र सिंह रावत, कानूनगौ राजीव कुमार घिंडियाल आदि मौजूद रहे।