जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बेस चिकित्सालय कोटद्वार को भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की कोटद्वार इकाई ने एनेस्थिया वर्क स्टेशन सहित 25 लाख के चिकित्सकीय उपकरणों की सौगात दी है। शुक्रवार को बेस चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दी गई सौगात का लोकार्पण किया।
भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की कोटद्वार इकाई ने बेस चिकित्सालय को कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत कई चिकित्सा उपकरणों के साथ ही शौचालय ब्लाक भी प्रदान किया है। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की ओर से निरंतर सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बीईएल के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज जैन के साथ ही स्थानीय इकाई का महाप्रबंधक अंबरीष त्रिपाठी का भी आभार व्यक्त किया। कहा कि बीईएल का योगदान क्षेत्र के विकास और जनसेवाओं के सुदृढ़ीकरण में अत्यंत सराहनीय है। विस अध्यक्ष ने बताया कि बीईएल की कोटद्वार इकाई ने शहर में सीसीटीवी कैमरे, झंडीचौड़ चिकित्सालय में प्रसूति गृह, स्ट्रीट लाइट्स सहित अनेक जनोपयोगी कार्यों में निरंतर सहयोग प्रदान किया गया है। कहा कि औद्योगिक व सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से सरकार को बल मिलता है, जिससे क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होता है। इस मौके पर बीईएल कोटद्वार के महाप्रबंधक अंबरीष त्रिपाठी, प्रमुख अधीक्षक डा. विजय सिंह सहित तमाम चिकित्सक व भाजपा कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।