गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल कारोबार पर संकट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड क्षेत्र में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल कारोबार पर संकट खड़ा हो गया है। गैस नहीं मिलने से होटल संचालकों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि प्रशासन के पास घरेलू सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
होटल संचालकों का कहना है कि उनके पास केवल एक-दो दिन के लिए ही गैस स्टॉक बचा है। जबकि कुछ व्यवसायी इंडक्शन चूल्हे, डीजल की भट्टी का सहारा लेकर काम चला रहे हैं। कहा कि प्रशासन की ओर से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को डीजल के चूल्हे का उपयोग करने की सलाह दी गई है। मगर पेट्रोल पंप में उन्हें बोतल या डब्बे में डीजल नहीं दिया जा रहा है। पूर्ति निरीक्षक हेमंत कुमार ने बताया की फिलहाल व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित है जबकि घरेलू एलपीजी गैस नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। कैंटीन संचालक विमला देवी ने बताया कि पाबौ में कैंटीन संचालन कर परिवार का भरण पोषण करती हूं। इन दिनों व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिलने से कैंटीन में खाने की गतिविधियां बंद कर दी हैं। संदीप कोठियाल होटल संचालक ने कहा कि प्रशासन की ओर से डीजल गैस भट्टी का प्रयोग करने के लिए तो कहा जा रहा है मगर डीजल आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहा जिससे समस्या और विकट होती जा रही है।

क्या कहते है डीएम
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि प्रशासन के पास घरेलू सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। होटल व्यवसायियों को डीजल भट्टी का प्रयोग करने को कहा गया है। सभी को डीजल आसानी से उपलब्ध हो, इसको लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *