रुड़की()। कोहरे की वजह से सोमवार को भी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। मौसम खराब होने के कारण रेलवे ने डिब्रूगढ़ से लालगढ़, अवध आसाम एक्सप्रेस, अमृतसर से कोलकाता, दुर्गियाना एक्सप्रेस, हावड़ा से देहरादून, कुंभ एक्सप्रेस के अलावा अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट और पूर्णिया कोर्ट से अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस दोनों तरफ से रद रखी। इनके अलावा बाकी गाड़ियां बहुत लेट हुई। इनमें हावड़ा से अमृतसर मेल सबसे अधिक 13 घंटे और जयनगर से अमृतसर, सरयू यमुना एक्सप्रेस, देहरादून से हावड़ा, कुंभ एक्सप्रेस, 11-11 घंटे लेट हुई। उधर, प्रयागराज से चंडीगढ़, ऊंचाहार एक्सप्रेस 10 घंटे, सहरसा से अमृतसर, गरीब रथ एक्सप्रेस 9 घंटे, अंबेडकर नगर से श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा, मालवा सुपरफास्ट 8 घंटे, श्रीगंगा नगर से ऋषिकेश इंटरसिटी एक्सप्रेस, लखनऊ से चंडीगढ़ सुपरफास्ट, बांद्रा से अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस 5-5 घंटे लेट रही।