हल्द्वानी। कोरोना संक्रमण चरम पर पहुंच चुका है। बुधवार को एसटीएच में भर्ती छह मरीजों की मौत हो गई है। इसमें से तीन मरीजों की मौत अस्पताल पहुंचने के 24 घंटे के भीतर हो गई। वहीं जिले में गुरुवार को 156 लोग संक्रमित पाए गए हैं। सक्रिय केस की संख्या 1269 हो चुकी है। डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा. अरुण जोशी ने बताया कि अस्पताल में कोरोना संक्रमित 157 मरीज भर्ती हैं। इसमें से 45 मरीज गंभीर हैं और 10 मरीजों को वेंटीलेटर में रखा गया है। पीरूमदारा के 72 वर्षीय बुजुर्ग, हल्द्वानी पीलीकोठी निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग और किच्छा निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग मरीजों को 14 अप्रैल को भर्ती किया गया था। ये मरीज कई बीमारियों के साथ ही कोरोना पॉजिटिव भी थे। इन तीनों मरीजों ने भर्ती होने के एक दिन बाद ही गुरुवार को दम तोड़ दिया। इसके अलावा गैरसैंण चमोली के 55 वर्षीय मरीज को 12 अप्रैल को भर्ती किया गया था। हल्द्वानी बिठोरिया के 49 वर्षीय मरीज भी डायबिटीज समेत कुछ अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। दमुवाढूंगा के 80 वर्षीय मरीज भी कोरोना संक्रमित होने के साथ ही निमोनिया से भी ग्रस्त थे। इन मरीजों की भी गुरुवार को मौत हो गई। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में 1095 लोगों की जांच हुई। इसमें से 156 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में इस समय कोरोना के 1269 एक्टिव केस हैं।