आंध्र प्रदेश की पटाखा फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका, 18 लोगों की मौत, सैकड़ों फीट दूर गिरे शव

Spread the love

काकीनाडा , आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आगजनी की घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाकों में भी धमाके की आवाज सुनी गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा शनिवार दोपहर को काकीनाडा जिले के सामरलाकोटा मंडल में वेटलापालेम-जी. मेडुपाडु के बीच बनी एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ। धमाका इतना ज़बरदस्त था कि मज़दूरों के शव उड़कर सैकड़ों फीट दूर खेतों में जा गिरे। यह फैक्ट्री पेडापुडी रोड पर रहने वाले अडपा नानी के परिवार की बताई जा रही है। धमाके के बाद पूरा इलाका घने धुएं से भर गया।
इस भयानक धमाके की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 30 लोग काम कर रहे थे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। इस घटना के बाद पूरे जिले में मातम पसरा हुआ है। उम्मीद है कि सरकार जल्द ही मरने वालों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान करेगी।
मरने वालों में ज़्यादातर महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, जान गंवाने वालों में ज़्यादातर महिलाएं हैं। धमाके के वक्त फैक्ट्री में 30 से ज़्यादा मज़दूर काम कर रहे थे। फैक्ट्री में भारी मात्रा में विस्फोटक सामान होने की वजह से आग अब भी धधक रही है। बार-बार हो रहे छोटे-छोटे धमाकों की वजह से बचाव के काम में भी बड़ी दिक्कत आ रही है। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *