जल संरक्षण और स्वच्छता के संकल्प के साथ गंगनहर घाटों व सड़कों पर उतरे सैकड़ों सेवादार

Spread the love

रुड़की()। जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश लेकर रविवार सुबह गंगनहर के घाटों और सड़कों पर सैकड़ों सेवादारों ने श्रमदान किया। संत निरंकारी मिशन के ह्यप्रोजेक्ट अमृतह्ण के तहत आयोजित इस अभियान में पुरुषों, महिलाओं और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नगर निगम पुल से गणेशपुर पुल तक सफाई कर स्वच्छ जल, स्वच्छ समाज का संकल्प दोहराया। सेवादारों ने गंगनहर घाटों के साथ ही गंगनहर पटरी को भी चकाचक कर दिया। रविवार को संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट अमृत के चौथे चरण के तहत शहर के रविदास घाट, लक्ष्मी नारायण घाट सहित प्रमुख घाटों, सड़कों और पार्कों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के निर्देशन में देशभर में सुबह 8 से 11 बजे तक आयोजित किया गया। रुड़की ब्रांच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भगवानपुर और नन्हेड़ा अनंतपुर क्षेत्र से आए सेवादारों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। हाथों में सफाई उपकरण लेकर सेवादारों ने घाटों से कूड़ा-करकट हटाया और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया। अभियान के दौरान मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट व नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने पहुंचकर सेवादारों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता आज की बड़ी आवश्यकता है और ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। मिशन के हरभजन सिंह व सागर कुकडेजा ने बताया कि ह्यप्रोजेक्ट अमृतह्ण की शुरुआत वर्ष 2023 में जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से की गई थी। इस पहल का मकसद नदियों, तालाबों, कुओं और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जल केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ जल से ही स्वच्छ समाज और स्वस्थ भविष्य का निर्माण संभव है। अभियान के बाद गंगनहर के सभी घाट व गंगनहर पटरी चकाचक नजर आई। अभियान नगर निगम पुल से शुरू होकर गणेशपुर पुल तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में सेवादार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *