जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर चल रही प्रवीन थापा व लोकगायक संजय सिंह रावत की भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। लोगों ने सरकार से जल्द मार्ग निर्माण करवाने की मांग उठाई।
पिछले तीन दिन से प्रवीन थापा व संजय सिंह रावत मार्ग निर्माण के लिए चिल्लरखाल में धरने पर डटे हुए हैं। लोगों ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन को 25 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है। लेकिन, आज तक मार्ग निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया। जबकि, हर चुनाव में यह मार्ग नेताओं की घोषणा में शामिल रहता है। कहा कि मार्ग के नाम पर जनप्रतिनिधियों ने केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया है। लेकिन, अब जनता बहकावे में आने वाली नहीं है। कहा कि जब तक मार्ग निर्माण को लेकर धरातल पर कार्रवाई नहीं की जाती आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि मार्ग निर्माण होने से शहरवासियों को देहरादून राजधानी जाने के लिए उत्तर प्रदेश की सड़क से होकर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही इससे बंदी पड़ी जशोधरपुर की फैक्ट्रियों को भी रफ्तार मिलेगी। कहीं न कहीं मार्ग निर्माण से युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। इस मौके पर देवेंद्र रावत, प्रकाश रावत, रविंद्र सिंह, धीरज सिंह नेगी, महेंद्र सिंह मेहरा, दीपक नैनवाल, करण सिंह अधिकारी, शान्ति देवी, रामेश्वरी देवी, भारत सिंह, मदन सिंह नेगी, भारत सिंह नेगी, अंजू देवी, अनिता देवी, शोभा भंडारी, रंजना रावत, बुद्धि प्रकाश, विशम्भर दत्त, गजेन्द्र सिंह बिष्ट, राकेश बर्थवाल, भरत सिंह भंडारी, विजयपाल मेहरा, शांता देवी, राधा देवी, ध्यान सिंह बिष्ट, मोहन सिंह नेगी, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।