विवाहिता की मौत में पति और ससुर को जेल भेजा

Spread the love

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के गांव घिस्सुपुरा में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच के बाद पुलिस ने विवाहिता के ससुर और पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घिस्सुपुरा निवासी रियाजुल अंसारी की बेटी की शादी कुछ वर्ष पूर्व घिस्सुपुरा में ही रहने वाले युवक शाहरुख पुत्र वकील के साथ हुई थी। कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी में अनबन रहने लगी। मामले में कई बार गांव के मौजिज लोगों द्वारा समझौता कर विवाहिता को ससुराल भेजा गया। आरोप है कि विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के बाद टुट्टी होने पर विवाहिता को उसके मायके वाले अपने घर ले आये। बीते सोमवार सुबह मायके में ही विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। विवाहिता की मौत के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को मौत की जानकारी दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सपुर्द कर दिया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के छह लोगों पति शाहरुख पुत्र वकील, ससुर वकील, सास कौसर जहां, जेठ हाफिज उर रहमान, जेठानी सलमा, देवर फारूक के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने शाहरुख और उसके पिता वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसओ पथरी पवन डिमरी ने इसकी पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *