विकासनगर। थाना सहसपुर में एक महिला ने पति सहित ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया कि तीन माह पहले पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तहरीर के बाद पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता शिवानी पुत्री भारत सिंह ग्राम शंकरपुर, हकुमतपुर ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 2019 को मनोज कुमार पुत्र सोमपाल स्थायी निवासी बाशीपुर,अमरोहा यूपी और हाल निवासी टीचर कॉलोनी सहसपुर के साथ में हुआ था। विवाह के बाद से ही उसे पति मनोज कुमार, ससुर सोमपाल, सास कमला देवी, जेठ सोनू और जेठानी सीमा परेशान करते चले आ रहे है। आए दिन दहेज के लिए उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच करते हैं।। बताया कि पति नशे का आदी है। उसे खर्चा भी नहीं देता। तीन माह पहले पति ने नशा कर पहले उसके साथ मारपीट की और इसके बाद उसे घर से निकाल दिया। धमकी दी कि अगर वह दोबारा घर में आई तो उसे जान से मार देंगे। उसी दिन से वह अपने पति से अलग रह रही है। उसका पति और ससुर फोन पर उसे देख लेने की धमकियां दे रहे हैं। थानाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने बताया कि तहरीर के बाद आरोपी पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।