हत्या मामले में आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर। यूपी बर्डर पर जमीन के विवाद में एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हुई हत्या के आरोपी दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत मुकदमा किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मंगलवार की रात को मझोला उत्तर प्रदेश निवासी जसवीर सिंह व उसकी पत्नी गुरमीत कौर ने न्यूरिया मझोला विजयपुर निवासी कुलवंत सिंह (22) पुत्र गोपाल की सुरई रेंज के खकरा क्षेत्र में कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। आरोपियों ने कुलवंत के हाथ और पैर कुल्हाड़ी से काट दिए थे। जिससे कुलवंत की मौके पर ही मौत हो गई थी। कुलवंत और हत्यारोपी जसवीर सिंह दोनों पड़ोसी हैं और दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। जिसको लेकर दोनों में पहले भी मारपीट हुई थी। युवक की हत्या की सूचना पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक अविवाहित था उसके दो भाई सतनाम सिंह और मलकीत सिंह है। घटना क्षेत्र खटीमा कोतवाली का होने के कारण कोतवाल नरेश चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। कुलवंत की मां राजकौर की तहरीर पर उत्तर प्रदेश पीलीभीत न्यूरिया विजयपुर पकड़िया मझोला के जसवीर सिंह व उसकी पत्नी गुरमीत कौर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को उनकी बेटी के घर न्यूरिया थाना क्षेत्र मिश्रा कलोनी से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उनके कब्जे से दो धारदार हथियारों को भी बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *