आईसीसी टी-20 रैंकिंग: ईशान किशन ने लगाई बड़ी छलांग, सूर्यकुमार को भी हुआ फायदा

Spread the love

नईदिल्ली,। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को बड़ा फायदा हुआ है। हाल ही में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज में जोरदार प्रदर्शन करने वाले किशन ने बल्लेबाजों की रैंकिंग में 32 पायदान की बड़ी छलांग लगाई है। उनके अलावा भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव एक पायदान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। आइए रैंकिंग के बारे में जानते हैं।
किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में 4 पारियों में 53.75 की औसत और 231.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 251 रन बनाए थे। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में खेले गए सीरीज के आखिरी टी-20 मैच में तेज शतक (103) भी लगाया था। भारतीय टीम ने सीरीज पर 4-1 से कब्जा जमाया था। किशन के अब 584 रेटिंग अंक हो गए हैं। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
सूर्यकुमार न्यूजीलैंड के खिलाफ सम्पन्न हुई टी-20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। भारतीय कप्तान ने 5 पारियों में 80.66 की औसत और 196.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 242 रन बनाए थे। इस बीच उनके बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारियां भी निकली थी। वह अब 728 रेटिंग अंक के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। अभिषेक शर्मा (917) शीर्ष पर बरकरार हैं। वहीं, तिलक वर्मा चौथा स्थान पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन 16 पायदान ऊपर चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वह पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेले थे। दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक (15 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 22वें स्थान पर) को भी फायदा हुआ है। प्रोटियाज टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाज रयान रिकेल्टन (42 पायदान ऊपर चढ़कर 40वें स्थान पर) ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की इसी सूची में बड़ी छलांग लगाई है।
पाकिस्तान के युवा खिलाड़ी सैम अयूब को अपनी हालिया शानदार फॉर्म का इनाम मिला है और उन्होंने ऑल-राउंडर रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है। अयूब ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू धरती पर 3-0 से सीरीज जीतने के दौरान पाकिस्तान के लिए कुछ बेहतरीन प्रदर्शन किए थे। 23 साल के अयूब ने जिम्बाब्वे के अनुभवी सिकंदर रजा की जगह ली है। अयूब के 290 रेटिंग अंक हैं, जबकि रजा के 289 अंक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *